श्री राम धार्मिक रामलीला समिति पंजी. प्रेस विज्ञप्ति – दिनांक 11 अक्टूबर

श्री राम धार्मिक रामलीला समिति की रामलीला महोत्सव 2026 को लेकर प्रेस वार्ता संपन्न

लीला चेयरमैन, विधायक और दिल्ली जलबोर्ड के उपाध्यक्ष

श्री सतीश उपाध्याय ने किया प्रेस वार्ता को संबोधित किया

स्वच्छता, सुरक्षा, सनातन परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय के साथ आयोजित होगा रामलीला महोत्सव – 2026

श्री सतीश उपाध्याय

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर 2026। श्री राम धार्मिक रामलीला समिति द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव 2026 को लेकर आज प्रेस वार्ता संपन्न हुई। प्रेस वार्ता को समिति के अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय जी ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने रामलीला महोत्सव की तैयारियों, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था, रामलीला के पारंपरिक स्वरूप, आधुनिक तकनीक के प्रयोग तथा समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से संबंधित तैयारियों की जानकारी साझा की।

स्वच्छता का विशेष आग्रह : दिल्ली की सबसे स्वच्छ रामलीला बनाने का संकल्प

श्री सतीश उपाध्याय जी ने कहा कि जिस प्रकार देश के माननीय प्रधानमंत्री जी ने स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया है और सभी नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने का आग्रह किया है, उसी से प्रेरित होकर समिति ने इस वर्ष रामलीला को दिल्ली की सबसे स्वच्छ रामलीला बनाने का संकल्प लिया है। इस दिशा में रामलीला परिसर में धूल से बचाव के लिए वॉल-टू-वॉल कारपेटिंग की व्यवस्था की गई है। पूरे परिसर में कहीं भी कोई स्थान बिना कारपेट के नहीं रहेगा । इसके अतिरिक्त, पूरे परिसर में विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन रखवाए गए हैं। आमजन की सुविधा एवं सभी दर्शकों एवं अतिथियों के लिए स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रामलीला के मंच पर लगी डिस्प्ले के माध्यम से इन विषयों से संबंधित संदेशों का प्रसारण भी, समय समय पर किया जाता रहेगा । इसके साथ ही, पूरे रामलीला परिसर में मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग की व्यवस्था की गई है।

 सुरक्षा की व्यापक तैयारियाँ

रामलीला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी गई है। अग्नि सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, फायर फाइटिंग बाइक और फायर फाइटिंग गाड़ियाँ भी रामलीला स्थल पर उपलब्ध रहेंगी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस, होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस के जवान हर समय तैनात रहेंगे। मेला एवं लीला परिसर में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का सुरक्षा कर्मियों से विशेष निवेदन किया गया है । किसी अप्रिय स्थिति एवं दर्शकों सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लीला परिसर में सेफ्टी कॉरिडोर बनाए गए हैं। गेट नंबर 1, 2 और 3 के अतिरिक्त एक इमरजेंसी गेट की भी व्यवस्था की गई है।

रामलीला परिसर से सटे यूपिटर हॉस्पिटल को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया है। इसके अलावा, परिसर के भीतर भी दिल्ली की मेडिकल टीम उपलब्ध रहेगी। मेले में लगाए गए सभी झूलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनके संचालकों को अपने उपकरणों की दोबारा जाँच करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न होने पाए।

सनातन परंपरा की गरिमा के साथ रामलीला का मंचन

समिति ने संकल्प लिया है कि रामलीला का मंचन सनातन एवं पुरातन परंपराओं की गरिमा के अनुरूप किया जाएगा। इस उद्देश्य से यह सुनिश्चित किया गया है कि हास्य-परिहास के नाम पर भी किसी पौराणिक प्रसंग के साथ छेड़छाड़ न की जाए। इस वर्ष रामलीला के सभी पात्रों का मंचन दिल्ली के स्थानीय कलाकारों द्वारा किया जाएगा। इन कलाकारों में शिक्षक, गृहिणियाँ, कॉरपोरेट क्षेत्र से जुड़े पेशेवर तथा विभिन्न अन्य क्षेत्रों में कार्यरत लोग शामिल होंगे, जो रामलीला के विभिन्न पात्रों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते दिखाई देंगे।

ये सभी पात्र स्वप्रेरणा से लीला मंचन के 11 दिनों में अपने निजी जीवन में शुचिता का पालन एवं खानपान में भी तामसिक भोजन से परहेज रखेंगे ।

आधुनिक तकनीक के साथ रामलीला का भव्य स्वरूप

इस वर्ष रामलीला में आधुनिक तकनीक का भी विशेष प्रयोग देखने को मिलेगा। इसके लिए 90 फीट की 3D बैकड्रॉप डिस्प्ले का उपयोग किया गया है।

रामलीला के मंचन के लिए डबल लेयर स्टेज तैयार किया गया है, जिसमें कुछ दृश्यों का मंचन ऊपरी स्तर पर और कुछ दृश्यों का मंचन निचले स्तर पर किया जाएगा।

जो श्रद्धालु किसी कारणवश रामलीला स्थल पर नहीं पहुँच सकते, उनके लिए लीला के यूट्यूब चैनल – https://www.youtube.com/@shreeram-x1y1j  पर लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि वे अपने स्थान पर रहते हुए भी रामलीला के मंचन से जुड़ सकें।

श्री राम धार्मिक रामलीला समिति का सर्व समाज को सर्वस्पर्शी निमंत्रण

श्री राम धार्मिक रामलीला समिति ने समाज के सभी वर्गों को रामलीला महोत्सव में सहभागी बनने के लिए आमंत्रित किया है। इसी क्रम में समिति द्वारा केंद्रीय मंत्रियों, प्रमुख राजनेताओं एवं विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारियों को निमंत्रण भेजा गया है।

आमंत्रित प्रमुख व्यक्तियों में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला जी, केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी, श्री जितेंद्र प्रसाद जी, भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी जी एवं श्री सुनील बंसल जी, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी, दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष श्री विजेंद्र गुप्ता जी, दिल्ली सरकार के समस्त कैबिनेट मंत्री, दिल्ली के सभी सातों सांसद तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद एवं अन्य संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी शामिल हैं।

साथ ही चर्चित अधिवक्ता उज्ज्वल निकम के जीवन पर आधारित फिल्म प्रहार के मुख्य पात्र श्री राजकुमार राव जी एवं श्री जयदीप अहलावत सहित फिल्म की टीम से रामलीला में पधारने के संबंध में चर्चा चल रही है।

इसके अतिरिक्त, मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी RWA, मंदिर समितियों, व्यापारिक समितियों, स्कूलों एवं अन्य संस्थानों से संपर्क कर उन्हें रामलीला महोत्सव में सहभागी बनने के लिए आमंत्रित किया गया है।

पूर्वोत्तर भारत के नागरिकों से विशेष सहभागिता का आग्रह

दिल्ली में निवास कर रहे पूर्वोत्तर भारत के नागरिकों को विशेष रूप से रामलीला महोत्सव में सादर आमंत्रित किया गया है। समिति का उद्देश्य है कि पूर्वोत्तर भारत के नागरिक भी उत्तर भारत में राम जी के जीवन पर आधारित इस मंचीय, सांस्कृतिक पंरपरा से जुड़ने और उसे निकट से जानने, समझने तथा उनसे जुड़ने का अवसर प्राप्त हो और एक भारत श्रेष्ठ भारत का मोदी जी का विचार और प्रबल हो ।

स्वच्छता कर्मियों के सम्मान में विशेष पहल

स्वच्छता कर्मियों के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से उन्हें भी उनके परिवारों सहित श्रीराम धार्मिक रामलीला समिति के इस महोत्सव में सादर आमंत्रित किया गया है। वे रामलीला का मंचन देखेंगे और इसके पश्चात उनके साथ सहभोज का आयोजन भी किया जाएगा।

 सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता

समिति द्वारा पूर्व वर्षों की भाँति इस वर्ष भी रामलीला परिसर में अलग-अलग समय पर देहदान, नेत्रदान एवं रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से समाज में सेवा, परोपकार और जनकल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान मंच पर चेयरमैन श्री सतीश उपाध्याय जी के साथ श्री भरत जैन जी (अध्यक्ष, श्री राम धार्मिक रामलीला समिति), लीला के मुख्य संरक्षक श्री राजकुमार जी एवं संरक्षक श्री सुरेश जी उपस्थित रहे।

जारीकर्ता

विकास कौशिक  – मीडिया सलाहकार

श्रीराम धार्मिक रामलीला समिति, संपर्क – 9319471155

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *